समाज सेवा के मामले में भी विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का कोई जवाब नहीं है. क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के बाद कोहली ने समाज सेवा की ख़ातिर मार्च 2013 में विराट कोहली फाउंडेशन (VKF) का गठन किया था जो कि वंचित बच्चों की मदद करता है. वह ‘VKF’ के लिए बाकायदा फंड एकत्रित करने के लिए इवेंट्स भी करते रहते हैं.
कोहली के मुताबिक, “हमारा फाउंडेशन देश के चुनिंदा एनजीओ के साथ मिलकर विभिन्न कार्यों के लिए न सिर्फ धन जुटाता है बल्कि जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ बढ़ चढ़कर सहायता भी करता है. मई 2014 में वीकेएफ के साथ ईबे और सेव द चिल्ड्रन्स इंडिया ने एक चैरिटी आॅक्शन का आयोजन किया था, ताकि जरूरतमंदों को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य दिया जा सके.”
इसके अलावा वह पिछले दो साल से चैरिटी फुटबॉल मैच भी खेलते रहते हैं जिसमें विराट कोहली फाउंडेशन के आॅल हर्ट फुटबॉल क्लब और बॉलवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन की आॅल स्टार्स फुटबॉल क्लब के बीच मुकाबला होता है. इसे ‘सेलिब्रिटी क्लैसिको’ के नाम से भी जाना जाता है जिसका उद्देश्य दो संस्थाओं के लिए फंड एकत्रित करना है.
जबकि विराट इसी साल चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान फंड एकत्रित करने के लिए लंदन में एक इवेंट ऑर्गेनाइज करने के कारण ख़ासी सुर्खियों में रहे थे जिसमें सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी, युवराज सिंह, रोहित शर्मा आदि ने सहभागिता की थी. हालांकि बिजनेसमैन विजय माल्या के आगमन के कारण ये आयोजन विवादों में भी आ गया था.
जबकि कुछ महीने पहले विराट कोहली के फाउंडेशन ने इंडियन स्पोर्ट्स आॅनर का आयोजन किया था और यहीं इस जोड़ी को पहली मर्तबा खुलकर एक साथ ना सिर्फ हंसते हुए बल्कि फोटो क्लिक कराते हुए देखा गया था. इस आयोजन में बॉलीवुड, खेल जगत, बिजनेस वर्ल्ड, राजनीति आदि क्षेत्रों के दिग्गजों ने शिरकत की थी.
अनुष्का भी नहीं हैं पीछे
जबकि विराट कोहली की गर्लफ्रेंड और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी समाज सेवा के मामले में कुछ ख़ास पीछे नहीं हैं. वह बॉलीवुड किंग शाहरूख खान के साथ सबाना आज़मी के ‘आज़मी चैरिटी मिजवान’ लिए रैम्प वॉक कर चुकी हैं. यही नहीं, वह ईबे इंडिया और ईवेंट एंड इंटरटेनमेंट मैनेजमेंट एसोसिएशन के चैरिटी आॅक्शन के लिए अपने कॉस्ट्यूम दान में दे चुकी हैं. जबकि वह विराट कोहली फाउंडेशन के साथ भी ख़ासी सक्रिय दिखाई देती हैं.


































