संजय दत्त को पुणे की यरवदा जेल से सजा काटकर बाहर निकले एक साल से भी अधिक वक्त हो गया है. लेकिन बाहर आने के बाद वह लगातार चर्चा में बने हुए हैं.पहले वह दनादन फ़िल्म साईन करने को लेकर चर्चा में रहे, हाल ही में उन्होंने निर्देशक ओमंग कुमार की फ़िल्म ‘भूमि’ की शूटिंग पूरी की है. लेकिन वह सबसे ज्यादा अपनी लाइफ पर बन रही बायोपिक को लेकर चर्चा में हैं.
उनकी की रील और रियल लाइफ इतनी रोचक रही है कि उनकी बायोपिक के बनने से पहले ही हर ओर चर्चे हैं.पहले तो इस फ़िल्म में संजय दत्त का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर का लुक फ़ेमस हुआ और अब इस फ़िल्म के सेटेलाइट अधिकारों की खरीदारी ने ख़बर बना दी है. हाल ही में इस फ़िल्म के राइट्स इतने महंगे बिके कि उसने राजकुमार हिरानी की पिछली फ़िल्म ‘पीके’ का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया.
राजकुमार हिरानी के निर्देशन में ही बन रही संजय दत्त की बायोपिक के राइट्स फॉक्स स्टार स्टूडियोज ने 180 करोड़ रुपए में खरीद लिए हैं, जबकि साल 2014 में आई हिरानी की फ़िल्म ‘पीके’ के राइट्स फॉक्स स्टार स्टूडियोज ने 110 करोड़ में ख़रीदे थे.
इतनी बड़ी कीमत में संजय दत्त की फ़िल्म के राइट्स बिक जाना अपने आप में एक बड़ी ख़बर इसलिए भी है क्योंकि निर्देशक राजकुमार हिरानी पहली बार किसी बायोपिक पर काम कर रहे हैं.और पहली बार किसी कला में हाथ आज़मा रहे निर्देशक पर इतना पैसा लगाने का ये ट्रेंड नया है, हालांकि हीरानी की प्रतिभा किसी से छिपी नहीं है.इस बायोपिक में रणबीर कपूर मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, वहीं मनीषा कोईराला संजय दत्त की मां नरगिस की भूमिका में नजर आने वाली हैं.


































