भोपाल/छिंदवाड़ा(पांढुर्ना)
यशवंतपुर-लखनऊ एक्सप्रेस(15024) से अपनी फैमिली के साथ बंगलौर से लखनऊ जा रही एक युवती का पांढुर्ना रेलवे स्टेशन पर धड़ और सिर अलग-अलग मिला है। युवती शुक्रवार रात करीब 2 बजे अपने बर्थ से गायब हुई थी। इटारसी रेलवे स्टेशन पर उसकी फैमिली ने इसकी सूचना दी थी।
शनिवार सुबह पांढुर्ना रेलवे स्टेशन पर लोगों ने पटरी पर एक युवती का धड़ और सिर अलग-अलग पड़े देखा। सिर पटरी से करीब 100 मीटर दूर निर्माणाधीन क्वार्टर के पास पड़ा। जीन्स-टी शर्ट पहने युवती के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। प्रियंका बीटीसी(प्राइमरी टीचर के लिए पात्रता परीक्षा) कर रही थी।
GRP के हेड कॉन्स्टेबल चंद्रमा यादव के मुताबिक, यूपी के शाहजहांपुर जिले के रोजा नगर निवासी भुनेश जौहर, उनकी पत्नी शिव देवी अपने सबसे छोटी बेटी प्रियंका और नाती के साथ बंगलौर से नखनऊ जा रहे थे। बंगलौर में उनका बेटा रहता है।
यह फैमिली यशवंतपुर-लखनऊ(5024) से सफर कर रही थी। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे प्रियंका अपने बर्थ पर लेटी थी। इस समय ट्रेन नागपुर के आसपास थी। रात करीब 2 बजे जब फैमली की नजर पड़ी, तो प्रियंका अपने बर्थ पर नहीं थी। उन्होंने इटारसी स्टेशन पर इसकी सूचना दी। उधर, शनिवार सुबह पांढुर्ना से GRP पुलिस ने एक युवती के लाश मिलने की सूचना दी। सुबह 9 बजे प्रियंका के माता-पिता ने लाश की शिनाख्त की।
बॉडी पर कोई खरोंच नहीं
प्रियंका की बॉडी पर कहीं भी खरोंच नहीं थी। जूते भी सही रूप से पैरों में थे। कपड़े भी फटे नहीं थे। ऐसा माना जा रहा है कि अगर युवती ने सुसाइड की होती, तो उसका सिर इतनी दूर नहीं मिलता। आशंका किसी के धक्के देने की भी जताई जा रही है। शनिवार सुबह 11 बजे प्रियंका का भाई संजय भी बंगलौर से आ गया। प्रियंका का पोस्टमार्टम करके शव फैमिली को सौंप दिया गया।

































