इंदौर
क्राइम ब्रांच ने शहर की पॉश कॉलोनियों में रविवार को छापा मारकर देह व्यापार के अड्डे का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से 11 ग्राहक और 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया। एक जगह आयुर्वेद स्पा की आड़ में देह व्यापार चल रहा था। गिरोह में शामिल दलालों के तार मुंबई और कोलकाता से जुड़े हुए हैं। एएसपी (क्राइम) अमरेंद्रसिंह के मुताबिक सूचना मिली थी कि श्रीनगर एक्सटेंशन स्थित अंबिका अपार्टमेंट में ‘ग्रीन आयुर्वेद स्पा’ है, जहां लंबे समय से अनैतिक कार्य चल रहा है।
क्राइम ब्रांच के सिपाही ग्राहक बनकर पहुंचे और पांच लड़कियों सहित संदीप पाठक निवासी चंद्रलोक चौराहा और आनंद को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक स्पा धीरज साहू निवासी पाटनीपुरा व उसकी महिला दोस्त का पार्टनरशिप में है। उनका संपर्क देह व्यापार में संलिप्त कई युवतियों से है। उसके ग्राहकों में कॉलेज छात्र भी हैं।
संचालिका ग्राहकों को रिसेप्शन पर ही रेट कार्ड बताकर बॉडी मसाज के लिए चर्चा करती थी। रेट तय होने के बाद स्पा में काम करने वाली युवती ग्राहक से देह व्यापार के लिए डील कर लेती थी। पुलिस के मुताबिक गिरोह में दलाल भी शामिल हैं।
मुंबई और कोलकाता की लड़कियां थीं शामिल
पुलिस ने एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित अंबिकापुरी से दो लड़की, एक संचालिका सहित सोनू ठाकुर निवासी अंबिकापुरी, धर्मेंद्र पंवार निवासी लसूड़िया, महंत दलाई निवासी सदर बाजार, हेमंत निहोरे निवासी पंचम की फेल, दीपेश उर्फ जाजू निवासी कालानीनगर, आशुतोष और जयेश कर्णिक निवासी मुंबई को गिरफ्तार किया। यहां लंबे समय से देह व्यापार चल रहा था। एएसपी के मुताबिक संचालिका पति से अलग रहती है। उसने कर्ज के कारण यह काम शुरू किया। वह दलाल शिवा के जरिए मुंबई और कोलकाता से लड़कियां को बुलाती थी।

































