वस्तु एवं सेवा कर के संबंधी में फैसले लेने वाली शीर्ष संस्था जीएसटी काउंसिल की 21वीं बैठक शनिवार को हैदराबाद में होने जा रही है। इसमें झाड़ू समेत आम जरूरत की कई चीजों पर जीएसटी की दरों में बदलाव किया जा सकता है। साथ ही लग्जरी कारों पर सेस की दर बढ़ाने के संबंध में भी निर्णय पर मुहर लगाई जा सकती है।
जीएसटी नेटवर्क (जीएसटीएन) में आ रही तकनीकी खामियों पर भी इस बैठक में चर्चा के आसार हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की अध्यक्षता में होने वाली जीएसटी काउंसिल की बैठक में बतौर सदस्य सभी राज्यों के वित्त मंत्री शामिल होंगे।
इन पर घट सकता है टैक्स
झाड़ू पर जीएसटी की दर शून्य की जा सकती है। फिलहाल यह पांच प्रतिशत है। इसी तरह मिट्टी से बनी हुई मूर्तियों पर भी जीएसटी की दर 28 फीसदी से घटाकर पांच प्रतिशत की जा सकती है। साथ ही अगरबत्ती, हवन सामग्री, साड़ी फॉल और गैस लाइटर जैसे उत्पादों पर भी जीएसटी की दर में कटौती की जा सकती है।
सूत्रों ने कहा कि राज्यों ने वस्तुओं पर जीएसटी की दरों में विसंगतियों को उजागर किया था। काउंसिल इस बात पर भी विचार करेगी कि लग्जरी कारों पर सेस की दर बढ़ाकर कितनी की जाए। फिलहाल लग्जरी कारों पर 15 प्रतिशत सेस लगता है। हाल ही में सरकार ने एक अध्यादेश जारी किया है। इसके बाद उपकर (सेस) की अधिकतम दर 15 से बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर दी गई है।


































